उज्जैन, 07 फरवरी।
बॉलीवुड गायक मीका सिंह शनिवार तड़के करीब चार बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने लगभग डेढ़ घंटे तक भगवान महाकाल के दर्शन किए। आरती के दौरान वे पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। आरती के बाद देहरी से पूजन कर आशीर्वाद लिया।
इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए मीका सिंह विशेष रूप से उज्जैन पहुंचकर दर्शन करने आए। मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका स्वागत किया और प्रसाद व स्मृति चिह्न भेंट किया। मीडिया से चर्चा में मीका सिंह ने कहा कि महाकाल के दरबार में आना उनका सौभाग्य है। जब भी इंदौर आते हैं, उज्जैन आकर दर्शन अवश्य करते हैं। उन्होंने भस्म आरती को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए मंदिर की व्यवस्थाओं और स्वच्छता की सराहना की। परिवार और प्रशंसकों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करने की बात भी कही।
इससे पहले तड़के परंपरागत विधि-विधान से भस्म आरती संपन्न हुई। भगवान महाकाल का जल और पंचामृत से अभिषेक कर भव्य श्रृंगार किया गया। झांझ, मंजीरे और डमरू की गूंज के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।



