नालंदा, 21 फरवरी।
जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लहेरी थाना पुलिस ने शनिवार सुबह एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई मंगला स्थान मंदिर के पीछे की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के चकरसलपुर गांव निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत रजक ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक क्षेत्र में नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद वह फिर से अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



