सिलीगुड़ी, 28 फरवरी 2026।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खोरीबाड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खोरीबाड़ी क्षेत्र के पानीटंकी से सटे रामधनजोत इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार देर रात दो नंबर एशियन हाईवे पर छापेमारी की गई, जिसमें 204 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में मालदा जिले के कालियाचक निवासी महम्मद रफीकुल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थ को काले प्लास्टिक में लपेटकर दो अलग-अलग बक्सों में छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह ब्राउन शुगर मालदा से लाकर सीमा क्षेत्र में तस्करी के लिए सप्लाई करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और मामले की गहन जांच करने में जुट गई है।
खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने बताया कि सीमा क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं। यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा थी, जिसमें मादक पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया गया।



