काठमांडू, 14 फरवरी।
नेपाल के सुनसरी जिले की कोशी गाँव जमुवा से जाली नोट, एक स्वचालित पिस्तौल और करीब 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया।
निर्वाचन क्षेत्र सुरक्षा बेस के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बिहार के अररिया जिले की बेला ग्राम पंचायत निवासी 36 वर्षीय राम खेलन पासवान के रूप में हुई है। वह सुबह भारतीय सीमा से कोशी के जमुवा की ओर मोटरसाइकिल (बीआर 50 एजे 4229) से जा रहा था। कुछ संदेह होने पर उसे जांच के लिए हिरासत में लिया गया।
जांच में उसके पास से कुछ भारतीय और नेपाली करेंसी, एक स्वचालित पिस्तौल, पिस्तौल की गोलियां और ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा अज्ञात मादक पदार्थ की 6 कैप्सूल और निट्राजेपाम की 5 गोलियां भी जब्त की गईं।
निर्वाचन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए सीमा क्षेत्र में तैनात सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल की बीओपी श्रीपुर इकाई की टीम ने उक्त भारतीय को गिरफ्तार किया।



