वाशिंगटन, 11 मार्च।
पेंटागन ने मंगलवार को बताया कि ईरान के साथ जारी युद्ध के पहले 10 दिनों में अमेरिका के लगभग 140 सैनिक घायल हो गए हैं। पेंटागन ने कहा कि इनमें से अधिकतर को मामूली चोट आई है, जबकि आठ सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है।
पेंटागन के अनुसार, युद्ध के पहले दो दिनों में अमेरिका ने गोला-बारूद पर 5.6 बिलियन डॉलर खर्च किए। इस खर्च का ब्यौरा इस हफ्ते अमेरिकी कांग्रेस के साथ साझा किया गया।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पेंटागन के प्रमुख प्रवक्ता सीन पार्नेल ने बयान में कहा कि घायल सैनिकों का इलाज प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने ईरान के 16 सैन्य जलयान नष्ट कर दिए हैं।
हालांकि, ईरान होर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंग बिछाने की तैयारी में दोबारा जुट गया है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरान की इस तैयारी से क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है और वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।



