उज्जैन,19 फरवरी।
खाचरोद, उज्जैन जिले के खाचरोद नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार रात अचानक मौसम बदल गया। तेज बारिश और आंधी जैसी हवाओं ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दीं। बारिश थोड़ी देर में थम गई, लेकिन हवाओं का असर गुरुवार सुबह तक बना रहा।
मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार दोपहर जहां पारा करीब 30 डिग्री सेल्सियस था, रात तक यह 16 डिग्री तक गिर गया, जिससे ठंड बढ़ गई।
लगातार दो दिनों की बारिश और तेज हवाओं के चलते गेहूं की तैयार फसल आड़ी पड़ गई। फसल कटाई के लिए लगभग तैयार थी, लेकिन अब कई किसानों की फसल बर्बाद होने की आशंका जताई जा रही है। खाचरोद विकासखंड के लगभग 18 गांवों में फसल नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
किसानों का कहना है कि इससे पहले सोयाबीन की फसल भी अतिवृष्टि में बर्बाद हो चुकी थी, जिससे वे पहले ही आर्थिक संकट झेल रहे हैं। अब गेहूं की फसल के नुकसान ने उनकी स्थिति और गंभीर कर दी है। प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।



