बरेली, 14 मार्च 2026।
साहस, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर ‘जोरावर साइकिल रैली’ शनिवार को बरेली से शुरू हुई। मुख्यालय उत्तर भारत (HQ UB) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा, एवीएसएम ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह साइकिल रैली बरेली से उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे तक चुनौतीपूर्ण मार्ग से आगे बढ़ेगी। सेना के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और सशस्त्र बलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

रैली के दौरान टीम विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेगी और उनके कुशलक्षेम की जानकारी लेगी। साथ ही उनकी राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा टीम अलग-अलग विद्यालयों में जाकर छात्रों से संवाद करेगी और उन्हें भारतीय सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

सेना के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियानों से सशस्त्र बलों और नागरिकों के बीच संबंध और मजबूत होते हैं। रैली का औपचारिक समापन पिथौरागढ़ में फ्लैग-इन कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।
सेना की यह पहल युवाओं में साहस, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



