नई दिल्ली, 07 फरवरी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे का स्वागत करते हुए इसे दोनों देशों के लिए बड़ी और सकारात्मक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल रणनीतिक साझेदारी की गहराई और आपसी विश्वास को दर्शाती है तथा इससे मेक इन इंडिया को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबंधों को सुदृढ़ बनाने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह समझौता किसानों, एमएसएमई, स्टार्टअप, उद्यमियों और मछुआरों के लिए नए अवसर पैदा करेगा तथा महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार सृजन को गति देगा। निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग और आपूर्ति श्रृंखला को भी इससे बल मिलेगा।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इसे निर्यात और रोजगार के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। समझौते के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर पारस्परिक शुल्क 18 प्रतिशत करेगा और कई उत्पादों—जैसे जेनेरिक दवाइयां, रत्न-आभूषण और विमान कलपुर्जे—पर शुल्क समाप्त होंगे। वस्त्र, चमड़ा, प्लास्टिक, ऑर्गेनिक केमिकल्स, होम डेकोर और मशीनरी क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, संवेदनशील कृषि उत्पादों को संरक्षित रखा गया है।
संयुक्त बयान के अनुसार, दोनों देश बाजार पहुंच बढ़ाने, गैर-शुल्क बाधाएं कम करने और डिजिटल व्यापार नियमों को संतुलित बनाने पर सहमत हुए हैं। भारत अगले पांच वर्षों में अमेरिका से ऊर्जा, विमानन और तकनीकी उत्पादों की बड़ी खरीद करेगा।



