भोपाल, 26 फरवरी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश के बाद राजधानी के प्रमुख शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है।
वल्लभ भवन, सतपुड़ा भवन और विंध्याचल भवन में सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। गुरुवार सुबह 10 बजे से टीमों ने विभिन्न विभागों में पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टरों की जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों को भी अपने-अपने कार्यालयों में हाजिरी की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशानुसार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अधिकारियों-कर्मचारियों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है। वहीं, उपस्थिति संबंधी विस्तृत जानकारी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संकलित की जाएगी। कौन कर्मचारी कब कार्यालय पहुंचा और कब निकला, इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन वर्तमान में दौरे पर हैं, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री सचिवालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अनाधिकृत अनुपस्थिति और समय पालन में लापरवाही की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिकों से जुड़े कार्यों में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। समय पालन में कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन को प्राथमिकता बताते हुए समयबद्ध उपस्थिति को अनिवार्य किया है।



