मधेपुरा, 14 फ़रवरी।
मधेपुरा जिले का प्रसिद्ध सिंघेश्वर नाथ मंदिर इन दिनों दुल्हन की तरह सजा हुआ है। महाशिवरात्रि (15 फरवरी) के बाद लगभग एक महीने तक चलने वाला भव्य मेला कल से शुरू हो रहा है। “बिहार का देवघर” कहे जाने वाले इस पवित्र स्थल पर दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और मेले का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आ रहा है।
मेले को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सिविल ड्रेस में भी पुलिस बल तैनात रहेगा। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक रूट चार्ट तैयार किया गया है। बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर रोक रहेगी ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
मधेपुरा प्रशासन के साथ श्रंगी ऋषि फाउंडेशन भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा है। दर्शन और जलाभिषेक के दौरान किसी को असुविधा न हो, इसके लिए सहायता केंद्र बनाए गए हैं। मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ झूले, दुकानें और विभिन्न स्टॉल लोगों को आकर्षित करेंगे। बच्चों और परिवारों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं।
राजकुमार ने बताया कि मेला क्षेत्र की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियमित सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। श्रद्धा और उत्साह के माहौल में सिंघेश्वर का यह ऐतिहासिक मेला एक बार फिर भक्ति और आस्था का केंद्र बनने जा रहा है।



