हमीरपुर, 12 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए गुरुवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने जिले के ऐतिहासिक शिवमंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। शिव बारात निकालने वाले मार्गों का निरीक्षण करने के बाद यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई।
दोनों अधिकारियों ने राठ कस्बे में स्थित ऐतिहासिक चौपेश्वर शिवमंदिर में माथा टेका और मंदिर परिसर व आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान इस मंदिर में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अधिकारियों ने शिव बारात की शोभायात्रा की तैयारियों के साथ ही पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अफसरों को निर्देश दिए कि सुरक्षा इंतजाम मजबूत करें और महाशिवरात्रि पर्व के सभी कार्यक्रम सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हों। इसके बाद डीएम और एसपी ने सरीला कस्बे के ऐतिहासिक शल्लेश्वर मंदिर में भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।



