भुवनेश्वर, 18 फरवरी।
ओडिशा में उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद ओडिशा द्वारा आयोजित वार्षिक प्लस टू परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई। इस बार परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार पहली बार प्रश्नपत्र हब पर एआई सक्षम सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। प्रश्नपत्रों को हब से संग्रहित करने से लेकर परीक्षा केंद्रों पर खोलने तक पूरी प्रक्रिया की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा की निगरानी के लिए पांच स्तरों पर 102 फ्लाइंग स्क्वाड तैनात किए गए हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य परीक्षा की निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखना है।
इस वर्ष कुल 4,01,623 परीक्षार्थी प्लस टू परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 28 मार्च 2026 तक संचालित की जाएगी।


