सुलतानपुर, 6 मार्च।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में बस स्टेशन के पास शुक्रवार भोर में एक बस परिचालक से बदमाशों ने रुपये से भरा बैग और मोबाइल छीन लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
कानपुर से सुलतानपुर शुक्रवार भोर में पहुंची बस संख्या यूपी 78 केटी 2018 के परिचालक विनोद दुबे के साथ यह वारदात सुबह करीब छह बजे हुई। विनोद दुबे ने बताया कि जगदीशपुर से दो यात्री उनकी बस में सवार हुए थे। इन यात्रियों ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि वे बस अड्डे पर बिरयानी की दुकान से पैसे लेकर उन्हें दे देंगे।
सुलतानपुर बस अड्डे से करीब 100 मीटर आगे गोपालदास पुल के पास बिरयानी की दुकान पर पहुंचने के बाद बदमाशों ने परिचालक को एकांत में पाकर उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने विनोद दुबे के साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए और उनका मोबाइल भी छीन लिया।
लूटे गए बैग में करीब 18 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, टिकट मार्ग और ईटीएम मशीन मौजूद थी। घटना के बाद विनोद दुबे पैदल दौड़कर पुलिस के पास पहुंचे और सूचना दी। बाद में पुलिस ने उनका मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
परिचालक विनोद दुबे ने कोतवाली नगर में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। इस संबंध में नगर कोतवाल संदीप राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। विनोद दुबे सुलतानपुर डिपो में कार्यरत हैं और अयोध्या जिले के ग्राम नेचारा के निवासी हैं।
स्टेशन इंचार्ज नान्हूराम सरोज ने बताया कि उनकी बस कानपुर से सुलतानपुर आ रही थी। दो यात्री जगदीशपुर से सुलतानपुर के लिए बस में बैठे थे। उन्होंने कंडक्टर को झांसे में लेकर सब्जी मंडी के अंदर ले जाकर मारपीट की और बैग छीन लिया। बैग में करीब 18 हजार रुपये, एटीएम और टिकट मशीन मौजूद थी।



