बिलासपुर, 14 फरवरी ।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के निर्वाचन वर्ष 2026–2028 के चुनाव में रजनीश सिंह बघेल अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। युवा अध्यक्ष के हाथों हाईकोर्ट बार की कमान आने से युवा अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रजनीश सिंह बघेल ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव को 137 मतों के अंतर से पराजित किया। वहीं सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी विजयी रहे।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में 17 पदों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ, जिसमें 61 प्रत्याशी मैदान में थे। अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ। उपाध्यक्ष (वरिष्ठ) पद पर छह और उपाध्यक्ष (महिला) पद पर चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे। सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर भी कड़ी टक्कर देखने को मिली। कार्यकारिणी सदस्य के सात पदों के लिए 16 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई। वर्ष 2026–2028 कार्यकाल के लिए कुल 1419 मतों में से 1214 मत पड़े। मतदान के बाद शुक्रवार को मतपेटियां खोली गईं और सुबह 11 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई। परिणाम देर शाम तक घोषित किए गए।
शुक्रवार देर शाम घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर रजनीश सिंह बघेल विजयी रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौतम खेत्रपाल तथा महिला उपाध्यक्ष पद पर माण्डवी भारद्वाज निर्वाचित हुईं। सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी, सह सचिव के रूप में विजय कुमार साहू और महिला सह सचिव के रूप में आस्था शुक्ला चुनी गईं। कोषाध्यक्ष पद पर हर आशा पूरन सिंह भाटिया ने जीत दर्ज की। ग्रंथालय सचिव के रूप में राहुल कुमार मिश्रा निर्वाचित हुए, जबकि क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव (वरिष्ठ) अमन पाण्डेय और क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव (महिला) प्रज्ञा पाण्डेय चुनी गईं। सात कार्यकारिणी सदस्यों का भी निर्वाचन संपन्न हुआ।



