नई दिल्ली, 21 फरवरी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली सचिवालय से ‘सीएम जनसुनवाई पोर्टल एवं मोबाइल ऐप’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही ‘ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल’ को कॉमन सर्विस केंद्रों (सीएससी) से जोड़ने और नए ईडब्ल्यूएस/डीजी/सीडब्ल्यूएसएन पोर्टल की भी शुरुआत की गई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को पहली बार डिजिटल स्वरूप देकर इसे अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है। अब दिल्लीवासी मोबाइल ऐप या पोर्टल के माध्यम से पानी, बिजली, सड़क और सफाई जैसी समस्याओं की शिकायत सीधे दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आय, निवास, जाति, विवाह, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और राशन कार्ड समेत 75 सरकारी सेवाएं अब दिल्ली के लगभग 7,000 कॉमन सर्विस केंद्रों पर उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को घर के पास ही सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडब्ल्यूएस/डीजी/सीडब्ल्यूएसएन पोर्टल के माध्यम से निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को निष्पक्ष अवसर मिलेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने एआई समिट में इंडियन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को शर्मनाक बताया और इसकी आलोचना की।



