देवरिया, 14 फ़रवरी।
जीआरपी पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और आस-पास के क्षेत्रों में डंडा मारकर मोबाइल फोन व अन्य सामान लूटने वाले एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया और उसके पास से लूटा गया एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के पूर्वी छोर पर बने साइन बोर्ड के नीचे से अभियुक्त जिशान अंसारी (20) पुत्र पीर मोहम्मद निवासी ब्लॉक नं. 17/1 कांशीराम आवास, मेहड़ापुरवा थाना कोतवाली जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से लगभग 12,000 रुपये मूल्य का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो स्थानीय थाने में पंजीकृत मुकदमा बीएनएस से संबंधित है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 09 फरवरी को मौर्या एक्सप्रेस के जनरल कोच में डंडा मारकर मोबाइल लूटा था और वह पुनः इसी प्रकार की घटना को अंजाम देने के लिए स्टेशन पर आया था। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह तथा आरक्षी बृजेश कुमार राम, अनिल कुमार यादव एवं अविनाश यादव शामिल रहे।



