नागौर, 17 फ़रवरी।
नागौर सिटी में कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों को मिल रही धमकियों के विरोध में आज ‘कुचामन बंद’ का असर साफ देखा गया। भाजपा नागौर देहात के जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को कुख्यात अपराधी रोहित गोदारा गैंग के सहयोगी वीरेंद्र चारण द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी और फिरौती मांगने के विरोध में सर्व समाज, व्यापारी और संगठनों ने बंद का आह्वान किया।
सुबह से ही प्रमुख बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सभी व्यापार मंडलों ने बंद का समर्थन किया, जिससे शहर में सामान्य कारोबार ठप रहा। 14 फरवरी से विजय सिंह पलाड़ा को मोबाइल पर धमकियां मिल रही थीं। वरिष्ठ भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा ने इसे केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का मामला न मानते हुए समाज और कानून व्यवस्था पर चुनौती बताया।
स्थानीय कनोई पार्क में विशाल आमसभा आयोजित की गई, जिसमें प्रबुद्धजन और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। सभा के बाद शहर के मुख्य मार्गों पर हुंकार रैली निकाली गई। प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद है और शहर में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जाब्ता तैनात है।



