हरिद्वार, 26 फ़रवरी।
जनपद के चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों का सही पालन कर रहे हैं कि नहीं, इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात्रि अचानक उप जिला मेला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने पहले उप जिला मेला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों से भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तामीरदारों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में बातचीत की, जिसमें तामीरदारों ने बताया कि उनका उपचार ठीक ढंग से किया जा रहा है और समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखी जाए और मरीजों को उपलब्ध बेड शीट तथा कंबलों की नियमित धुलाई कराई जाए। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिए कि सभी भर्ती मरीजों के लिए स्वच्छ नए कंबल उपलब्ध कराए जाएँ।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर सभी वार्डों और लेबर रूम का जायजा लिया और प्रसव के लिए भर्ती महिलाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को हिदायत दी कि प्रसव हेतु आने वाली महिलाओं को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए तथा सभी गर्भवती महिलाओं का उचित और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में सफाई, सीसीटीवी कैमरों की सही स्थिति, खराब विद्युत लाइट और पेयजल व्यवस्था की जांच कर सुधार के निर्देश दिए। पुराने साइन बोर्ड बदलने, वेटिंग एरिया के एलईडी टीवी को ठीक रखने, सफाई कर्मचारियों को वर्दी देने तथा महिला चिकित्सालय में एम्बुलेंस एवं 108 सेवा हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उप जिला मेला चिकित्सालय प्रमुख अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता, जिला महिला चिकित्सालय प्रमुख अधीक्षक डॉ. आर. वी. सिंह, डॉ. संदीप निगम, डॉ. एस. के. सोनी, धीरेन्द्र सिंह, डॉ. आशु और डॉ. पूजा उपस्थित रहे।



