सेक्टर 57 चौराहा (नोएडा), 06 मार्च।
थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में सेक्टर 57 के पास एक ई-रिक्शा चालक संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी बताया जा रहा है।
थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सुनील कुमार (35) पुत्र रामकुमार यादव खोड़ा कॉलोनी के नेहरू गार्डन क्षेत्र में रहते थे और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
उन्होंने बताया कि छह मार्च को वह ई-रिक्शा चलाते हुए सेक्टर 57 चौराहे के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य ई-रिक्शा चालकों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


