शिमला, 25 फरवरी 2026
शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के नेरवा थाना क्षेत्र में महिला उत्थान समिति से जुड़े सूक्ष्म जीवन बीमा प्रीमियम के कथित गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई लोगों द्वारा जमा करवाई गई बीमा राशि संबंधित खातों में जमा नहीं कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला उस समय सामने आया जब लंबे समय से बीमा पॉलिसियों में जमा कराई गई राशि को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप लगा है कि कई लोगों द्वारा जमा कराई गई रकम संबंधित खातों तक नहीं पहुंची। पुलिस थाना नेरवा को थाना छोटा शिमला से सीसीटीएनएस के माध्यम से जीरो एफआईआर प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता दक्षिणा महिला उत्थान समिति की उप एजेंट हैं और सिरमौर जिले के रोनहाट की निवासी हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एनजीओ कार्यालय नेरवा की महिला सचिव ने 2012 से 2024 के बीच जमा हुई बीमा राशि में गड़बड़ी की।
शिकायत के अनुसार उप एजेंट दक्षिणा और किरपा राम के माध्यम से कुल 52 लोगों की सूक्ष्म जीवन बीमा पॉलिसियां जमा करवाई गई थीं। आरोप है कि इनमें से 24 लोगों द्वारा जमा की गई राशि का सचिव ने कथित तौर पर गबन कर लिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार शिकायत मिलने के बाद थाना नेरवा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित दस्तावेजों तथा लेनदेन की जांच की जा रही है।


