बिलासपुर, 16 मार्च।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार देर रात एक भयावह हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। घर में रखे फ्रिज में जोरदार ब्लास्ट होने से मकान में आग फैल गई, जिसमें एक बुजुर्ग महिला जिंदा जलकर मृत्यु को प्राप्त हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगियाडीह इलाके में अचानक हुए धमाके के बाद घर में आग भड़क गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में रखे फ्रिज में ब्लास्ट होने के कारण आग फैल गई और देखते ही देखते पूरा मकान आग की चपेट में आ गया।
इस हादसे में 57 वर्षीय जया अग्रवाल की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थीं, जिससे वह आग से बच नहीं सकीं।
रात में अचानक धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग बाहर आए और गली में लगी आग देखी। लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे। कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। घर के अंदर तलाशी लेने पर जया अग्रवाल की झुलसी हुई लाश मिली।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि धमाका फ्रिज में हुआ था, जबकि पुलिस पूरी घटना की विस्तृत जांच कर रही है।
स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल के अनुसार जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे अपने मुंहबोले भाई के साथ रहती थीं। घटना के समय वह अकेली थीं, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
बताया गया कि महिला के मुंहबोले भाई की कुछ दिन पहले ही बीमारी के कारण मौत हुई थी। उनका इलाज पहले बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में चल रहा था और बाद में बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। परिवार पहले से ही शोक में था और इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हुआ।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने सोमवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया। घर की तलाशी में महिला का शव मिला। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



