कोलकाता, 11 मार्च।
पश्चिम बंगाल के निवर्तमान राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने अपने कार्यकाल के समापन से पहले राज्यवासियों के नाम एक भावनात्मक खुला पत्र जारी किया। पत्र में उन्होंने बंगालवासियों के स्नेह और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका पश्चिम बंगाल से जुड़ाव हमेशा रहेगा और यह राज्य उनका दूसरा घर बना रहेगा।
राज्यपाल ने अपने पत्र में बताया कि कोलकाता स्थित लोक भवन में उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है, लेकिन उनकी बंगाल यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी न किसी रूप में वह बंगाल से जुड़े रहेंगे।
उन्होंने अपने कार्यकाल में राज्य के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया, गांवों और शहरों में आम लोगों से मिले और समाज की विविधता व सांस्कृतिक समृद्धि का अनुभव किया। उन्होंने महात्मा गांधी और रवींद्रनाथ टैगोर के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि सच्ची सेवा और ईश्वर की अनुभूति आम लोगों और मेहनतकशों के बीच होती है।
राज्यपाल ने बच्चों की उत्साही आंखों, बुजुर्गों के स्नेह और आम लोगों की आत्मीयता में बंगाल की असली ताकत देखी। उन्होंने राज्य के उज्ज्वल भविष्य और लोगों की समृद्धि की कामना की और मां दुर्गा से जनता की सुरक्षा की प्रार्थना की। पत्र का समापन उन्होंने "वंदे मातरम्" से किया।



