जांजगीर-चांपा, 13 मार्च।
जिले के विकासखण्ड नवागढ़ के ग्राम मुड़पार (खि) की निवासी सविता साहू ने मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर आत्मनिर्भर बनकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण पेश किया है। वे विश्वकर्मा महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष हैं और समूह में 10 सदस्यों के सहयोग से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
समूह से जुड़ने से पहले सविता साहू का परिवार मुख्यतः मजदूरी पर निर्भर था और वार्षिक आय लगभग 1 लाख रुपये थी। आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने स्व-सहायता समूह से जुड़कर 3 लाख रुपये का ऋण लिया और सेंट्रिंग सामग्री का व्यवसाय शुरू किया। धीरे-धीरे व्यवसाय बढ़ा और निर्माण कार्यों में सेंट्रिंग सामग्री की बढ़ती मांग के कारण उनकी आय में लगातार वृद्धि हुई। वर्तमान में सविता साहू मजदूरी से 15 हजार रुपये और व्यवसाय से लगभग 5 लाख रुपये की आय अर्जित कर रही हैं, जिससे परिवार की कुल वार्षिक आय लगभग 7 लाख रुपये तक पहुँच गई है।
सविता साहू का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्हें आर्थिक सहयोग और आत्मविश्वास मिला। अब वे अपने परिवार की जरूरतें आसानी से पूरी कर रही हैं और अन्य महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सकती हैं।



