शिमला, 19 फ़रवरी।
हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद मौसम अब साफ़ हो गया है और गुरुवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप खिली रही। मैदानी और निचले क्षेत्रों में कोहरे का कोई असर नहीं देखा गया, जिससे लोगों को ठंड के बीच राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। इस विंटर सीजन में पहली जनवरी से अब तक सामान्य वर्षा से 28 फीसदी कम हुई है।
मौसम केंद्र के ताजा आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार सुबह कई शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। शिमला में 6.6 डिग्री, सुंदरनगर में 9.5, भुंतर में 7.0 और धर्मशाला में 9.7 डिग्री, ऊना में 12.0, नाहन में 8.8, पालमपुर में 8.0 और सोलन में 3.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
पर्यटन स्थलों में मनाली का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री रहा और वहां 1.0 मिलीमीटर वर्षा हुई। कांगड़ा में 10.7, मंडी में 10.3 और बिलासपुर में 12.5 डिग्री तापमान रहा। जुब्बड़हट्टी में 9.4, कसौली में 9.0, पांवटा साहिब में 14.0 और देहरा गोपीपुर में 12.0 डिग्री दर्ज किए गए। सराहन में 5.6, सेओबाग में 5.5 और बरठीं में 11.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में -3.0 और ताबो में -2.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ और अधिकांश स्थानों पर यह सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर रहा। वहीं अधिकतम तापमान में कुछ जगह गिरावट और कुछ जगह 2 से 5 डिग्री अधिक दर्ज की गई।
आने वाले दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 22 फरवरी तक पूरे हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इस दौरान धूप खिली रहने की संभावना है और बारिश या बर्फबारी का कोई व्यापक अनुमान नहीं है। 23 फरवरी को ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि 24 और 25 फरवरी को मौसम फिर से साफ रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में आगामी दिनों के लिए किसी प्रकार का अलर्ट नहीं है, हालांकि ऊंचे क्षेत्रों और जनजातीय इलाकों में तापमान शून्य से नीचे और ठंड का असर बना रहेगा।



