नई दिल्ली, 17 फरवरी।
दुनिया भर के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान को जेल में तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उनके साथ गरिमा और मानवीय व्यवहार किया जाए।
पूर्व कप्तानों के 17 फरवरी को जारी संयुक्त बयान में इमरान की बिगड़ती सेहत और विशेषकर उनकी दाहिनी आंख की रोशनी में गिरावट पर चिंता जताई गई। इस अपील पर हस्ताक्षर करने वालों में माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, सुनील गावस्कर, कपिल देव, क्लाइव लॉयड सहित कई दिग्गज शामिल हैं।
बयान में कहा गया कि राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर, इमरान खान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार मानवीय व्यवहार मिलना चाहिए। उन्होंने 2018-2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में भी कार्य किया और लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेता रहे।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हाल ही में 73 वर्षीय इमरान का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनकी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत रोशनी कम होने की शिकायत सामने आई। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने परिवार और निजी चिकित्सकों की मौजूदगी की मांग की।
पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इमरान खान के बेहतर इलाज की अपील की। अगस्त 2023 से जेल में बंद इमरान के खिलाफ 100 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिन्हें वह राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते रहे हैं।



