भुवनेश्वर, 28 फरवरी।
इंडियन मेटल्स एंड फेरो अलॉयज लिमिटेड (आईएमएफए) ने ओडिशा के जाजपुर जिले के कलिंगनगर में स्थित टाटा स्टील लिमिटेड के फेरो क्रोम संयंत्र का रणनीतिक अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह सौदा कुल 707.26 करोड़ रुपये में संपन्न हुआ। इसमें 610 करोड़ रुपये की मूल कीमत के साथ वस्तु एवं सेवा कर तथा कार्यशील पूंजी शामिल है। इस अधिग्रहण का वित्तपोषण पूरी तरह से आंतरिक स्रोतों से किया गया है।
115 एकड़ क्षेत्र में फैले इस संयंत्र में वर्तमान में चार भट्टियां संचालित हैं, जिनकी संयुक्त उत्पादन क्षमता 1,00,000 टन प्रतिवर्ष है। कंपनी ने बताया कि यहां पांचवीं भट्टी का निर्माण कार्य अभी अधूरा है, जिसे लगभग एक वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा।
पांचवीं भट्टी के शुरू होने के बाद संयंत्र की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,50,000 टन प्रतिवर्ष हो जाएगी। कंपनी के अनुसार, यह अधिग्रहण उत्पादन क्षमता बढ़ाने और बाजार में स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



