कोलकाता, 27 फरवरी।
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के भीतर गुटबाजी का मामला फिर से चर्चा में आया है। बैरकपुर संगठनात्मक जिले में पार्टी कार्यालय के अंदर पूर्व जिलाध्यक्ष और चार जिलों के संयोजक संदीप बनर्जी की कथित पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैरकपुर जिले में लंबे समय से आर्थिक कोष के इस्तेमाल को लेकर मतभेद चल रहे थे। आरोप है कि इसी विवाद ने पहले तीखी बहस का रूप लिया और बाद में मारपीट की घटना हुई। वायरल वीडियो में संदीप बनर्जी कथित रूप से अचेत अवस्था में दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ कार्यकर्ता उनके साथ हाथापाई करते नजर आते हैं।
घटना के बाद पार्टी कार्यालय में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल रहा। बाद में आंतरिक बातचीत के जरिए हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। राजनीतिक हलकों में वीडियो वायरल होने के बाद हलचल तेज हो गई। सूत्रों का कहना है कि मारपीट अर्जुन सिंह के समर्थकों द्वारा की गई।
स्थानीय भाजपा नेताओं ने इस मामले पर आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार किया है। वहीं, जिला भाजपा सूत्रों का कहना है कि घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस बीच बैरकपुर से सांसद अर्जुन ने शुक्रवार सुबह कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है और वे कार्यकर्ताओं से इस मामले में चर्चा करेंगे।



