हरिद्वार, 16 फ़रवरी।
कांवड़ मेले के सफल आयोजन के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन ने शहर को पुनः स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इस पहल में शांतिकुंज, पतंजलि और अन्य सामाजिक संगठनों का सक्रिय सहयोग रहा।
चमगादड़ टापू क्षेत्र में शांतिकुंज के लगभग 200 स्वयंसेवकों ने सेनेटरी इंस्पेक्टर धीरेन्द्र सेमवाल के नेतृत्व में श्रमदान कर कांवड़ यात्रियों द्वारा छोड़े गए अपशिष्ट को हटाया। इस क्षेत्र से 8 टन कचरा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया गया।
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में पतंजलि के 80 विद्यार्थियों ने मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया और 4 टन अपशिष्ट एकत्रित किया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई।
नगर निगम हरिद्वार ने सभी स्वयंसेवकों, संस्थाओं और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे “स्वच्छ हरिद्वार – स्वस्थ हरिद्वार” की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। जनसहभागिता, प्रशासनिक सक्रियता और संस्थागत सहयोग ने शहर को पुनः स्वच्छता की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



