नई दिल्ली, 10 फरवरी ।
लोकसभा में विपक्षी कांग्रेस सांसदों के हंगामे के कारण बजट सत्र के दसवें दिन की कार्यवाही बाधित रही। लगातार नारेबाजी और विरोध के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विपक्षी सांसद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का अवसर दिए जाने की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही लोकसभा से आठ सांसदों के निलंबन का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया गया, जिससे सदन का माहौल गरमा गया।
बजट सत्र के दसवें दिन लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। पीठासीन अधिकारी पी.सी. मोहन ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया। प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के कैराना से सांसद इकरा हसन को प्रश्न पूछने के लिए आमंत्रित किया।
इकरा हसन ने उत्तर प्रदेश में सहकारी डेयरी परियोजना से संबंधित प्रश्न उठाया, लेकिन इसी दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबे के चलते सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी।
हालात को देखते हुए पीठासीन अधिकारी पी.सी. मोहन ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।



