नई दिल्ली, 10 फ़रवरी।
संसद के बजट सत्र में लोकसभा में गतिरोध समाप्त होने के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आम बजट 2026 पर चर्चा की शुरुआत करते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकारी खर्च में कमी और कर संग्रह में ठहराव को चिंताजनक बताया।
तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि किसानों को मिलने वाली दो हजार रुपये की सहायता पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मनरेगा की जगह लाए गए वीबी जी राम जी कानून पर भी सवाल उठाते हुए इसकी प्रभावशीलता पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि देश में शिक्षित युवाओं में बेरोजगारी दर अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। स्मार्ट सिटी परियोजना का उल्लेख करते हुए थरूर ने कहा कि इसकी समय-सीमा कई बार बढ़ाई गई, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है।
अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि भारत को 45 अरब डॉलर का व्यापारिक लाभ होने के बावजूद अगले पांच वर्षों में 500 अरब डॉलर के अमेरिकी उत्पाद खरीदने की प्रतिबद्धता देश के हित में नहीं है और इससे दीर्घकाल में नुकसान हो सकता है। उन्होंने वाणिज्य और विदेश मंत्री से इस समझौते की समय-सीमा और अन्य पहलुओं पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
थरूर ने मशहूर शायर मिर्जा गालिब के शेर का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत केवल नारों से नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने से बनेगा।



