इंफाल, 12 मार्च 2026।
मणिपुर के हिंसा प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान में क्रांतिकारी जन मोर्चा (RPF)/ पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP) और कांगलीपाक पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी-प्रगतिशील (PREPAK-PRO) के तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रीपाक (PRO) का एक सक्रिय कैडर इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थानांतर्गत क्वाकेइथेल लामडोंग लीकाई में किराए के घर से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान बिष्णुपुर जिले के कुम्बी बाज़ार निवासी नोंगमैथेम चिंगम्बा मैतेई उर्फ थोई (24) के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, बटुआ जिसमें ₹50 नकद और आधार कार्ड बरामद किया गया।
दूसरे अभियान में KCP का एक सक्रिय कैडर बिष्णुपुर जिले के नामबोल थानांतर्गत चानुरा बाज़ार से गिरफ्तार किया गया। इसकी पहचान इंफाल पूर्व जिले के पांगेई, सरौथेल निवासी नओरेम याइफाबा सिंह उर्फ केइफा (20) के रूप में हुई।
तीसरे अभियान में आरपीएफ/पीएल का एक सक्रिय कैडर उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान असम के सिलचर बांसकांडी निवासी (वर्तमान में काकचिंग जिले के वाबागई काडाजित मानिंग लीकाई में रह रहे) कोइजम सनातोंबा सिंह (39) के रूप में हुई। उसके पास से चार .303 राउंड, नौ खाली खोखे, एक जोड़ी टैक्टिकल जूते, मफलर स्कार्फ, पी-कैप जिस पर एमपी कमांडो लिखा है, कैमोफ्लेज मफलर स्कार्फ, टैक्टिकल बेल्ट और मोबाइल फ़ोन बरामद हुआ।
सुरक्षा बल सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं। बुधवार को मणिपुर के अलग-अलग जिलों में कुल 116 नाके और चेक पोस्ट लगाए गए, जो पहाड़ों और घाटियों में थे, लेकिन किसी को हिरासत में नहीं लिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुएं ले जाने वाले 259 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई। सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़े सुरक्षा उपाय किए गए और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए सुरक्षा काफिला उपलब्ध कराया गया।



