लखनऊ/जापान, 25 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के पहले दिन उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को लेकर बड़ी सफलता हासिल हुई। विभिन्न जापानी कंपनियों के साथ करीब 11 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों से प्रदेश में औद्योगिक विकास, विनिर्माण क्षमता विस्तार और वैश्विक निवेश साझेदारी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जापान यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने कुबोता कारपोरेशन, मिंडा कारपोरेशन, जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री, नागासे एंड कंपनी लिमिटेड, सीको एडवांस, ओ एंड ओ ग्रुप, फूजी जापानीज जेवी और फूजीसिल्वरटेक कंक्रीट प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियों के साथ निवेश समझौते किए। ये समझौते कृषि यंत्र निर्माण, औद्योगिक मशीनरी, जल एवं पर्यावरण अवसंरचना, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, औद्योगिक प्रिंटिंग, ग्राफिक्स, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।
कुबोता कारपोरेशन 1890 में स्थापित जापान की प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनी है, जिसका मुख्यालय ओसाका में स्थित है। यह कृषि और औद्योगिक मशीनरी निर्माण में वैश्विक स्तर पर पहचान रखती है और ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, इंजन, निर्माण उपकरण तथा जल प्रबंधन समाधान के क्षेत्र में कार्यरत है। मिंडा कारपोरेशन ऑटोमोटिव कंपोनेंट निर्माण में सक्रिय है और सेंसर, वायरिंग हार्नेस, प्लास्टिक इंटीरियर तथा इलेक्ट्रिक वाहन समाधान उपलब्ध कराती है।
जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री एयरोस्पेस और ऑटोमोटिव सेक्टर के लिए एडवांस कनेक्टर तकनीक में विशेषज्ञ है। नागासे एंड कंपनी लिमिटेड केमिकल, मोबिलिटी सॉल्यूशन और एडवांस मटेरियल टेक्नोलॉजी में कार्यरत बहुविविध ट्रेडिंग कंपनी है। सीको एडवांस उच्च प्रदर्शन स्क्रीन प्रिंटिंग इंक और औद्योगिक कोटिंग समाधान के लिए जानी जाती है। इन समझौतों से भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।



