इंफाल, 12 मार्च 2026।
मणिपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान के तहत राज्य पुलिस ने छह एकड़ अफीम की खेती नष्ट की और ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार बुधवार को सुरक्षा बलों और वन विभाग ने चुराचांदपुर जिले के संगाईकोट थानांतर्गत हाओपी मोलेन में लगभग छह एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया। अफीम की खेती पहाड़ी ढलान वाले ऐसे क्षेत्र में की गई थी, जहां आम लोगों की नजर नहीं पड़ती। इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने तीन व्यक्तियों को तेंगनौपाल जिले का निवासी होने के नाते चंदेल जिले के चाकपीकारोंग थानांतर्गत इलाके से ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान थाओंगमिनथांग (34), नेंगबोई हाओकिप (48), और नेमनिकिम माटे (46) के रूप में की गई है।
तस्करों के कब्जे से 58 साबुनदानी में भरी ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन, एक वैन (एमएन-06एलएक्स-4037) और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
मणिपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों और झूठे वीडियो पर विश्वास न करें। किसी भी आधारहीन वीडियो या ऑडियो क्लिप की सत्यता केंद्रीय नियंत्रण कक्ष नंबर 9233522822 पर जांची जा सकती है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर नकली पोस्ट अपलोड या प्रसारित करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसका गंभीर परिणाम हो सकता है। इसके साथ ही जनता से अपील की गई है कि लूटे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक तुरंत पुलिस या निकटतम सुरक्षा बलों को लौटाएं।



