नई दिल्ली, 12 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण उत्पन्न गैस संकट के विरोध में विपक्ष ने गुरुवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, राजीव शुक्ला, समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव सहित 200 से अधिक सांसद शामिल हुए।

विपक्षी सांसदों ने हाथों में बड़े-बड़े पोस्टर और गैस सिलेंडर के कटआउट लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की। पोस्टरों पर सिलेंडर की तस्वीरें थीं और उन पर गैस संकट से जुड़ी मांगें लिखी हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि युद्ध के कारण गैस वितरण प्रभावित हो रहा है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पूरे भारत में एलपीजी की कमी के कारण लंबी कतारें लग रही हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों नागरिक खाद्य सुरक्षा संकट का सामना कर रहे हैं, छोटे-छोटे भोजनालय बंद हो रहे हैं और लोगों में व्यापक भय फैल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह असहाय साबित हुए हैं और उनकी सरकार इस संकट से निपटने में नाकाम है।

वहीं, संसद के बजट सत्र से निष्कासित आठ विपक्षी सांसदों ने भी संसद भवन परिसर स्थित मकर द्वार पर गैस संकट के विरोध में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए। सांसद मकर द्वार की सीढ़ियों पर बैनर और पोस्टर लेकर बैठे, जिन पर गैस सिलेंडर की तस्वीरें और देश को गैस सिलेंडर चाहिए जैसे नारे लिखे हुए थे।



