नई दिल्ली, 10 फरवरी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ में 7 से 9 फरवरी तक आयोजित 'बस्तर पांडुम' उत्सव के लिए राज्यवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “पहले बस्तर का नाम सुनते ही माओवाद, हिंसा और विकास में पिछड़ेपन की छवि सामने आती थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। आज बस्तर न केवल अपने विकास के लिए बल्कि यहां के लोगों के बढ़ते आत्मविश्वास के लिए भी जाना जाता है। मेरी कामना है कि आने वाला समय इस क्षेत्र में शांति, प्रगति और सांस्कृतिक गौरव से परिपूर्ण हो।”
गृहमंत्री अमित शाह की एक पोस्ट का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ में 'बस्तर पांडुम' उत्सव के दौरान जंगल की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और जनजातीय विरासत का भव्य रूप दिखाया गया। इस प्रयास से जुड़े सभी परिवारजनों को मेरी हार्दिक बधाई। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
अमित शाह ने सोमवार को कहा था कि वामपंथी उग्रवादियों के भय और हिंसा से बाहर निकलकर बस्तर अपनी संस्कृति और धरोहरों को आगे बढ़ा रहा है और विकसित भारत का ब्रांड एंबेसडर बन रहा है।



