जगदलपुर, 13 मार्च।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने बस्तर जिले की ग्रामीण पंचायतों में रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी है और अब जिले की 21 ग्राम पंचायतों में उपचुनाव की तैयारियां आरंभ हो गई हैं।
निर्वाचन भवन नवा रायपुर से जारी निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें बताया गया है कि यह पूरी प्रक्रिया 01 अप्रैल 2026 की नई फोटोयुक्त मतदाता सूची पर आधारित होगी। प्रशासनिक कार्य दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में 23 मार्च 2026 से रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति और कर्मचारियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद विधानसभा की मौजूदा मतदाता सूची से वार्डवार डेटा पृथक कर त्रुटिहीन सूची सॉफ्टवेयर के माध्यम से तैयार की जाएगी।
इस प्रारंभिक तैयारी के बाद 13 अप्रैल 2026 को मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा और दावा-आपत्ति का दौर शुरू होगा। स्थानीय नागरिक 20 अप्रैल की दोपहर 3 बजे तक अपने नाम जोड़वाने, कटवाने या संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार जिले के छह विकासखंड जगदलपुर, बस्तर, बकावण्ड, लोहण्डीगुड़ा, तोकापाल और दरभा में कुल 22 पंच पदों के लिए मतदान होना है। सबसे अधिक रिक्तियां बकावण्ड जनपद की ग्राम पंचायतों करीतगांव, जैबेल और सोनपुर में हैं, जहां 9 पदों पर चुनाव होंगे। वहीं बस्तर जनपद की नवा रतेंगा, सुधापाल और गुरिया में 6 रिक्त स्थान भरे जाने हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने सभी दावा-आपत्तियों का निराकरण 27 अप्रैल तक करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद 5 मई 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, जो आगामी उपचुनाव के लिए आधार बनेगी। जिला प्रशासन और निर्वाचन शाखा अब जमीनी स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है ताकि ग्रामीण लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की कमी को दूर किया जा सके।



