नई दिल्ली, 25 फरवरी 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से इजराइल की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रवाना होंगे। नौ साल में यह उनकी इजराइल की दूसरी यात्रा होगी। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच बिगड़ते संबंधों के बीच इस यात्रा को भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी इजराइल की संसद को भी संबोधित करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 25 से 26 फरवरी तक इजराइल में रहेंगे। यात्रा के दौरान मोदी इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा एवं सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा करेंगे। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचारों का आदान-प्रदान होने की संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का दौरा कूटनीति और गरिमा का मिश्रण है। इस यात्रा के दौरान आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली, लगभग 71 हजार करोड़ रुपये के संभावित रक्षा सौदों और एआई आधारित ड्रोन तकनीक पर भी चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।



