नई दिल्ली, 14 फरवरी।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई नेताओं ने वर्ष 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि पुलवामा आतंकवादी हमले में प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर जवानों का सर्वोच्च बलिदान देश की स्मृति में हमेशा अंकित रहेगा और उनका बलिदान हर नागरिक को एक मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनके साहस और सेवा की भावना हमेशा भारतीयों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगी।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने उनका अदम्य साहस मातृभूमि की सुरक्षा के प्रतीक बताते हुए आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर दृढ़ता व्यक्त की। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और सुरक्षा बलों के बलिदान के लिए देश सदैव ऋणी रहेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके बलिदान ने आतंकवाद के खतरों की याद दिलाई और भारत इसे जड़ से खत्म करने के संकल्प पर अडिग है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत अपने वीर पुत्रों को सलाम करता है। विदेश मंत्री जयशंकर ने बलिदान को सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति को मजबूत बताया।
सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह और संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके बलिदान, साहस और मातृभूमि प्रति समर्पण को याद किया।



