धर्मशाला, 05 मार्च 2026
आईपीएल सीजन-2026 के शुरू होने से पहले अपने दूसरे होम ग्राउंड एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में पंजाब किंग्स की टीम ने गुरुवार से शुरू हुए अभ्यास शिविर के साथ तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर अभ्यास सत्र की शुरुआत की। पहले दिन टीम के आठ खिलाड़ी अभ्यास में शामिल हुए।
इनमें टीम के खिलाड़ी प्रभसिमरन सिंह, प्रवीण दुवे, हरप्रीत बराड़, हरनूर, विष्णु विनोद, विशाल निषाद सहित अन्य खिलाड़ियों ने भाग लिया और यहां की परिस्थितियों को समझते हुए आगामी मुकाबलों के लिए खुद को मजबूत बनाने की तैयारी शुरू की। सबसे पहले खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचकर मैदान में उतरे और वार्मअप किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए खेल के हर पहलू पर बारीकी से ध्यान दिया।
गौरतलब है कि पंजाब किंग्स की टीम धर्मशाला में छह दिनों तक अभ्यास करते हुए अपनी तैयारियों को और मजबूत करेगी। इस पूरे अभ्यास कार्यक्रम के दौरान हर दिन टीम के स्वदेशी खिलाड़ी अपनी टीम के साथ जुड़कर प्रैक्टिस सत्र में हिस्सा लेंगे। वहीं अभी तक आईपीएल 2026 सीजन के मैचों का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। ऐसे में इस बार धर्मशाला को कितने मुकाबले मिलेंगे, यह देखना दिलचस्प रहेगा।



