चंडीगढ़, 10 मार्च।
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को सोनीपत के गांव मदीना में किसान संजय की बेटी की शादी में शामिल हुए। राहुल गांधी वहां करीब एक घंटे रुके और इस दौरान उन्होंने घरवालों के साथ बैठकर दूध और चूरमा का स्वाद लिया। महिलाओं ने शादी के पारंपरिक गीत गाए, जिनके बारे में राहुल गांधी उत्सुकता से पूछते रहे।
संजय वही किसान हैं, जिनके खेत पर वर्ष 2023 में राहुल गांधी ने ट्रैक्टर से जुताई की थी। कांग्रेस नेता सुबह लगभग सवा दस बजे आधा एकड़ जमीन के मालिक संजय की बेटी तनु की शादी में शामिल होने गांव मदीना पहुंचे। तनु बीकॉम की पढ़ाई कर चुकी हैं और उनकी बारात रोहतक से आएगी। होने वाले दूल्हे का नाम नहीं बताया गया है, लेकिन वह क्रिकेटर और अपना व्यवसाय करता है।

संजय की पत्नी सुनीता ने राहुल गांधी को चूरमा और दूध परोसा। राहुल गांधी घरातियों के बीच जमीन पर बिछे गद्दों पर बैठे। इस दौरान महिलाएं शादी के मंगल गीत गाती रहीं और राहुल गांधी बीच-बीच में गीतों और रस्मों के बारे में पूछते रहे। उन्हें मिठाइयों के साथ बालूशाही भी परोसी गई, जिसके बारे में उन्होंने खास रुचि दिखाई।
किसान संजय ने बताया कि 25 फरवरी को वह बड़े भाई और गांव के सरपंच के साथ दिल्ली गए और राहुल गांधी को शादी का न्योता दिया। संजय को उम्मीद नहीं थी कि राहुल गांधी उनके घर आएंगे, लेकिन वर्ष 2023 में उन्होंने राहुल को बताया था कि अगर बेटी की शादी हुई तो बुलाएंगे और राहुल ने इसे याद रखा।
राहुल गांधी ने शादी से एक दिन पहले सोमवार की रात को तनु को उपहार स्वरूप 55 इंच का एलईडी टीवी भेजा था। मंगलवार को उन्होंने अपनी उपस्थिति के साथ-साथ तनु को शगुन भी दिया।



