ग्वालियर। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की मासिक सहायता राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये किए जाने के निर्णय ने जिले की लाड़ली बहनों में उत्साह की लहर दौड़ा दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में यह फैसला होने की जानकारी मिलते ही महिलाओं ने खुशी जाहिर की।
ग्राम धनेली की प्रीति मौर्य ने कहा कि यह योजना उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा है। राशि बढ़ने से घर-गृहस्थी चलाने में और मजबूती मिलेगी। भदरौली की मोनी का कहना है कि योजना से उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ आत्मविश्वास भी मिला है, जिसे अब और बल मिलेगा। शहर के छप्पर वाला पुल क्षेत्र की नर्मदा कुशवाह ने कहा कि बढ़ी हुई राशि से बच्चों की जरूरतें पूरी करने में सहूलियत होगी।
आरोन ग्राम की पूजा ने इसे महिलाओं के स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, वहीं पूजा शुक्ला ने कहा कि सरकार ने महिलाओं की खुशियों में इजाफा किया है। बाजार में शादी की खरीदारी कर रहीं सरोज, रेखा, कृष्णा और उर्वशी भी चर्चा कर रही थीं कि सरकार बेटियों, बहुओं और माताओं के मान-सम्मान का ध्यान रख रही है।
ग्वालियर जिले में लगभग 3 लाख 5 हजार 600 महिलाएं इस योजना से जुड़ी हैं। नवम्बर माह से प्रत्येक हितग्राही के खाते में 1500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से कुल 45 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी।


