रायगढ़, 06 मार्च।
जिले में “ऑपरेशन तलाश” के अंतर्गत गंभीर मामलों में फरार आरोपितों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपित शंकर बरेठ को शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
आरोपित पर नाबालिग से छेड़खानी और मारपीट के तीन अन्य अपराध दर्ज
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में थाने में दर्ज मामलों के फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाकर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम ने बैकुंठपुर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपित शंकर बरेठ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एक स्थानीय बालिका ने 14 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी सहेलियों के साथ रोज मॉर्निंग वॉक पर जाती थी। 10 नवंबर को वह अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी, तभी भूतबधन तालाब के पास आरोपित ने उसके साथ छेड़खानी की। डर के कारण बालिका ने यह बात घर में किसी को नहीं बताई। इसके बाद 13 नवंबर को स्कूल से लौटते समय आरोपित ने दोबारा उसके साथ छेड़खानी की, जिसके बाद बालिका ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई और कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इस शिकायत पर थाना कोतवाली में आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 589/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(2), 75(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। गिरफ्तारी के डर से आरोपित फरार हो गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर जारी गिरफ्तारी वारंट के पालन में न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपित शंकर बरेठ पिता दिनेश बरेठ उम्र 23 वर्ष निवासी बैकुंठपुर राम मंदिर के पास थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ आदतन आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में वर्ष 2024 में मारपीट का एक और वर्ष 2025 में मारपीट के दो अन्य मामले दर्ज हैं। इन मामलों में भी वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपितों और वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी अपराधी को खुलेआम घूमने नहीं दिया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



