देश की जानी-मानी ओजस्वी वक्ता, प्रमुख हिंदू राष्ट्रवादी नेत्री एवं विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी की संस्थापक-अध्यक्ष साध्वी ऋतंभरा सोमवार को दतिया पहुंचीं।
यहां उन्होंने सिद्धपीठ मां पीतांबरा पीठ में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात साध्वी ऋतंभरा ने भगवान बनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर देश और समाज की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। साध्वी ऋतंभरा के दतिया आगमन की सूचना मिलते ही मां पीतांबरा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर परिसर “जय मां पीतांबरा” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में साध्वी ऋतंभरा के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे।
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। साध्वी ऋतंभरा का यह दतिया दौरा केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और हिंदू एकता के सशक्त संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। उनके विचारों और संदेशों से श्रद्धालुओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।



