सलमान खान फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का वैलेंटाइन स्पेशल रोमांटिक ट्रैक 'मैं हूं' रिलीज कर दिया है। सलमान खान और चित्रांगदा सिंह पर फिल्माया गया यह गीत फिल्म की भावनात्मक धड़कन को खूबसूरती से पेश करता है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर बताया कि 'मैं हूं' एक फौजी और उसके परिवार के रिश्ते की संवेदनशील कहानी कहता है। इसमें परिवार संग बिताए खुशहाल पल और ड्यूटी की पुकार पर होने वाली जुदाई को मार्मिक ढंग से दिखाया गया है। गीत में घर की गर्माहट, मुस्कुराहट और जश्न के पल हैं, तो वहीं अकेलेपन और इंतजार की टीस भी है। यह संतुलन इसे बेहद प्रभावशाली बनाता है।
वीडियो में सलमान खान को सौम्य और भावुक अंदाज में परिवार संग खुशियां मनाते और दूरी के एहसास में डूबे हुए देखा जा सकता है। चित्रांगदा सिंह ने अपने किरदार में शालीनता और आंतरिक मजबूती का प्रभावी प्रदर्शन किया है। दोनों की केमिस्ट्री परिपक्व और सच्ची लगती है।
फिल्म के संगीत निर्देशक अयान लाल ने ट्रैक को मधुर और सुकूनभरी धुन से सजाया है। श्रेया घोषाल और अयान लाल की आवाज़ ने गीत की भावनाओं को और गहरा किया। अयान लाल और शब्बीर अहमद के लिखे बोल सैनिक और उसके परिवार की खामोश ताकत और कुर्बानी को प्रभावी ढंग से बयान करते हैं।
फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। 'बैटल ऑफ गलवान' बहादुरी, बलिदान और जज्बे की कहानी बड़े पर्दे पर पेश करेगी। 'मैं हूं' के जरिए फिल्म की भावनात्मक परत दर्शकों के सामने आ चुकी है, जिसने रिलीज होते ही श्रोताओं के दिलों को छू लिया है।



