पटना, 13 फरवरी।
बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार को पटना सिविल कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें तीन अलग-अलग मामलों में जमानत प्रदान की है, जिनमें बुद्धा कॉलोनी थाना, कोतवाली थाना और पूर्णिया से जुड़े मामले शामिल हैं। जमानत मिलने के बाद अब उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
इससे पहले धोखाधड़ी कर मकान कब्जा करने से जुड़े पुराने मामले में उन्हें जमानत मिल चुकी थी, लेकिन अन्य मामलों में राहत न मिलने के कारण वे बेऊर जेल में बंद थे। शुक्रवार को बुद्धा कॉलोनी थाना में सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में और कोतवाली थाना में वर्ष 2017 के पुराने मामले में अदालत ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए राहत दी।
जमानत की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। राजनीतिक गलियारों में भी इस फैसले पर चर्चा शुरू हो गई है। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जेल प्रशासन उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू करेगा।
उल्लेखनीय है कि पप्पू यादव को 7 फरवरी की रात उनके पटना स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी गर्दनीबाग थाना में दर्ज 31 वर्ष पुराने मामले के सिलसिले में हुई थी। गिरफ्तारी के दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच हल्की नोंकझोंक भी हुई थी, जिसके बाद बुद्धा कॉलोनी थाना में एक और मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें इलाज के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) और बाद में पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) ले जाया गया। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें बेऊर जेल भेजा गया था।
तीन मामलों में जमानत मिलने के बाद अब सांसद पप्पू यादव की रिहाई की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की संभावना है।



