शिमला, 07 फरवरी।
राजधानी शिमला में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता हाथ लगी है। बालूगंज थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 8.86 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम लोअर टूटू क्षेत्र में गश्त के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। पुलिस टीम ने जब उसे रोका और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 8.86 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी की पहचान हितेंद्र सिंह उर्फ रिंकू (42) पुत्र अनंत राम, निवासी गांव क्यार, डाकघर सुजैला, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह नशा कहां से लेकर आया था और किसे सप्लाई करने की योजना थी। मामले की जांच जारी है।



