सीवान, 13 फरवरी।
बिहार के सीवान जिले के पचरुखी थाने क्षेत्र में गुरुवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने पचरुखी बाजार के भवानी मोड़ के पास पचरुखी प्रखंड के हिंदुस्तान अखबार के संवाददाता रमेश कुमार सिंह को गोली मारकर जख्मी कर दिया।
घायल पत्रकार को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा भी सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घायल पत्रकार ने बताया कि वह अपने गांव पचरुखी प्रखंड के जसौली खरग लौट रहे थे। भवानी मोड़ से लगभग 100 मीटर आगे बढ़े ही थे कि पीछे से आए बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा कर ओवरटेक करते हुए गोली मार दी। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


