जींद, 12 मार्च 2026।
जींद पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा पांच बाइक बरामद की गई हैं। ये बाइक अलग-अलग स्थानों से चुराई गई थीं। पुलिस आरोपितों से अन्य बाइक चोरी की वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
एवीटी स्टाफ प्रभारी यश्वीर ने बताया कि गत 10 मार्च को गांव घिमाना निवासी विक्रमजीत ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह रोहतक रोड स्थित निजी अस्पताल में था, जहां से उसकी बाइक गायब हो गई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज किया और जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान गांव भिड़ताना निवासी बलिंद्र तथा सफीदों निवासी गुरप्रीत के नाम सामने आए। पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों आरोपितों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने अलग-अलग स्थानों से पांच बाइकें चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सभी चोरीशुदा बाइकें बरामद कर ली हैं और मामले की जांच जारी है।



