कुवैत सिटी, 02 मार्च 2026
कुवैत में उस समय हड़कंप मच गया जब एक हमले के दौरान अमेरिकी कई युद्धक विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हालांकि त्वरित राहत और बचाव अभियान के बाद सभी विमानों के पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी पायलटों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुवैती रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह घटना सुबह के समय हुई, जब कई अमेरिकी युद्धक विमान एक के बाद एक दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हालांकि, मंत्रालय ने दुर्घटना की सटीक जगह और शामिल विमानों की संख्या की जानकारी सार्वजनिक नहीं की। घटना के बाद तुरंत बचाव दल सक्रिय हुआ और सभी पायलटों को सुरक्षित निकालकर चिकित्सा सहायता दी गई।
मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और अमेरिकी सैन्य बलों के साथ समन्वय बनाकर तकनीकी प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी साझा करने की अपील की गई है।
इसी बीच ईरानी मीडिया ने भी इस घटना को लेकर विभिन्न तस्वीरें और दावे साझा किए हैं, जिनमें अमेरिकी सैन्य ठिकानों और ड्रोन फ्लीट से जुड़ी जानकारी दिखाई गई है। दूसरी ओर पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है, क्योंकि ईरान ने इजराइल और खाड़ी देशों के ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले भी किए हैं। सऊदी अरब की रास तनुरा रिफाइनरी पर हुए ड्रोन हमले के बाद आग लग गई, जिसे बाद में काबू में कर लिया गया।
सऊदी अरामको की यह रिफाइनरी वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके अलावा बहरीन के सलमान बंदरगाह पर भी ईरानी मिसाइल हमले का दावा किया गया है। ईरान के आईआरजीसी ने इसे ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस’ का हिस्सा बताया है, जिसमें खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों को निशाना बनाया गया है।



