उत्तरकाशी, 12 फरवरी।
सरकारी कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक वेतन सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तरकाशी की आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया।
कार्यकर्ताओं ने काली कमली धर्मशाला से मुख्य बाजार होते हुए नारेबाजी के साथ कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। कलेक्ट्रेट परिसर में उन्होंने सांकेतिक धरना देकर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगी।
ज्ञापन में श्रम कानूनों में किए गए संशोधनों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने और पूर्ववत श्रम कानून लागू करने की मांग की गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं को सरकारी कर्मचारी घोषित कर प्रति माह न्यूनतम 30,000 रुपये वेतन देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
इस अवसर पर यूनियन के जिला संयोजक महावीर प्रसाद भट्ट, जिला अध्यक्ष रेखा नौटियाल, संरक्षक सरिता जोशी, बासु पंवार, आरती सेमवाल, रीना सेमवाल, कविता उनियाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


